इंदौर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले अपने आगामी मुकाबले की तैयारी शुरू कर दी है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने बुधवार को शहर के होलकर स्टेडियम में पहली बार पूर्ण अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। टीम के लिए करो या मरो का मैच है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद दो दिन पहले शहर पहुंची थी।
एक दिन के ब्रेक के बाद ऐच्छिक अभ्यास सत्र में सोमवार को भारतीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। बुधवार को पूरी टीम शाम के सत्र में एक साथ मैदान पर पहुंचीं और करीब तीन घंटों तक जमकर पसीना बहाया। टीम करीब शाम छह बजे स्टेडियम पहुंची। वार्मअप के बाद टीम के कोच अमोल मजूमदार, हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना सहित पूरी टीम के बीच मैदान पर लंबी चर्चा हुई।


