राजनांदगांव। जिले में शराब के अवैध भंडारण और नकली स्टीकर लगाकर बिक्री की साजिश नाकाम हो गई। 17 दिसंबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम मुसराखुर्द में शीतला मंदिर के पास स्थित एक मकान पर दबिश दी और पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया।
पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पकड़े गए आरोपितों ने अपना नाम बीरबल वर्मा निवासी ग्राम मुसराखुर्द और चन्द्रकांत उर्फ सोनू सेन निवासी ग्राम छीपा बताया। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी बलबीर सिंह भाटिया निवासी देवरी, महाराष्ट्र को भी गिरफ्तार किया गया। रैकेट के मास्टर माईंड बीरबल ही था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि देवरी, महाराष्ट्र निवासी राजपाल सिंह भाटिया द्वारा शराब और नकली लेबल उपलब्ध कराए गए थे, जिन्हें बाजार में बेचने की योजना थी। हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बिक्री से पहले ही रैकेट पकड़ लिया गया।
प्रकरण में आरोपितों के खिलाफ धारा 34(2), 59-क आबकारी अधिनियम तथा धारा 339, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।