बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में अफीम की खेती के बाद अब बलरामपुर जिले में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 एकड़ के खेत में अफीम की फसल को बरामद किया गया है। कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी के सरनाटोली गांव से दूर जंगल किनारे अफीम की खेती की गई थी।
अफीम पूरी तरह से तैयार थी और डोडों में चीरा भी लगाया गया था। ग्रामीणों से मिली सूचना पर कुसमी एसडीओपी सहित प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है। जहां अफीम जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, खेत किसका है, किसने अफीम की खेती की है इसकी जांच जारी है।
