धमतरी: जिले के ग्राम हरदी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में तब्दील हो गया, जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना की सूचना और प्रारंभिक जांच
करेलीबड़ी चौकी पुलिस को 30 मार्च को ग्राम हरदी में नवविवाहिता सोम यादव की मृत्यु की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और हर पहलू पर जांच शुरू की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा
जांच के दौरान आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतिका की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि गला दबाकर की गई हत्या है। रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी।
पति ने कबूला जुर्म
पुलिस ने मृतिका के पति, ग्राम हरदी निवासी चन्द्रशेखर यादव (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रस्सी से गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या की। आरोपी के अनुसार, संतान को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया।
सास ने दी भ्रामक जानकारी
मामले में आरोपी की मां रिना बाई यादव (46) ने भी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने मृतिका की मौत को सीने में दर्द से होना बताया और सच्चाई छुपाने का प्रयास किया। इससे साक्ष्य छिपाने की मंशा स्पष्ट हुई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल काले रंग की रस्सी जब्त कर ली है। वहीं सास के खिलाफ भी साक्ष्य छिपाने और भ्रामक सूचना देने के आरोप में मामला दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।