दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार (Vinayak Tamrakar) और विकास विश्नोई नामक युवक को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, विकास विश्नोई मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले के ओसिया गांव का निवासी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यहां जमीन लीज पर लेकर अफीम की खेती की जा रही थी। मामले के सामने आते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।
मक्के की फसल के बीच की जा रही थी अफीम की खेती
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह जमीन मधुबाला और मधुमति ताम्रकार के नाम पर दर्ज है। दोनों भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की चचेरी बहनें बताई जा रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुल 10.72 एकड़ जमीन में से करीब 6.28 एकड़ भूमि पर खेती की जा रही थी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि अफीम के पौधे मक्के की फसल के बीच में लगाए गए थे ताकि खेती को छिपाया जा सके। पुलिस ने इस मामले में मधुबाला और मधुमति ताम्रकार को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं पुलिस हिरासत में लिए गए विनायक ताम्रकार और विकास विश्नोई से भी पूछताछ कर रही है।
जमीन लीज पर लेकर की जा रही थी खेती
पूछताछ के दौरान विकास विश्नोई ने पुलिस को बताया कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही है, उसे राजस्थान के जोधपुर निवासी आचल दास ने रेग (लीज) पर लिया था। पुलिस को यह भी जानकारी दी गई कि आचल दास फिलहाल होली का त्योहार मनाने अपने गांव गया हुआ है।

