रायपुर: होली के पहले घर जाने के लिए ऑनलाइन बस बुकिंग कराने वाले यात्रियों से जमकर लूट की जा रही है। आम दिनों में जहां का किराया 1000-1200 रुपये लगता है। वहां का टिकट बुक करने में तीन हजार रुपये तक लग रहा है।

बता दें छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश, यूपी और बिहार से बड़ी संख्या में लोग रोजी-मजदूरी और नौकरी के लिए यहां आते हैं। जो होली त्योहार मनाने के लिए अपने घर जाते हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी और भीड़ की वजह से यात्री पहले से बस बुकिंग कर अपनी यात्रा सुरक्षित कर रहे हैं। लेकिन यात्रियों की इस मजबूरी का फायदा निजी बस संचालक बखूबी उठा रहे हैं।

स्थिति यह है कि एक मार्च से महानगरों की ओर जाने वाली बसों के किराए में बेतहाशा वृद्धि कर दी गई है। ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल और निजी ट्रैवल एजेंसियों ने किराए को दो से तीन गुना तक बढ़ा दिया है, जिससे आम आदमी की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है।

नवीन ट्रेवल्स में नागपुर का किराया तीन हजार से 3500 तक

सबसे ज्यादा मार नागपुर, हैदराबाद जाने वाले यात्रियों पर पड़ रही है। नवीन ट्रेवल्स में रायपुर से नागपुर का किराया जो आम दिनों में 700 रुपये रहता था, उसे बढ़ाकर 3000 से 3500 रुपये तक कर दिया गया है, यानी सीधे पांच गुना वसूली। इसी तरह महेंद्रा ट्रेवल्स में पुणे का किराया 28 फरवरी को 1375 रुपये है, जो एक मार्च से बढ़कर 2563 रुपये हो गया है।

रेड बस और मेक माय ट्रिप जैसे प्लेटफार्म्स पर भी दोगुना किराया

रेड बस और मेक माय ट्रिप जैसे प्लेटफार्म्स पर भी किराए में भारी उछाल देखा जा रहा है। दादा ब्रदर्स और इंटर-सिटी जैसी बसों ने भी अपने रेट 1400-1500 से बढ़ाकर 2000-2200 रुपये कर दिए हैं। स्थानीय रूटों की बात करें तो हंस ट्रेवल्स में जगदलपुर जैसे छोटे सफर के लिए भी 900 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।

यात्रियों की मजबूरी का फायदा

होली मनाने के लिए रायपुर में काम करने वाले मजदूर और कर्मचारी जब आनलाइन टिकट बुक करने पहुंच रहे हैं, तो बढ़ा हुआ किराया देखकर उनके होश उड़ रहे हैं। ट्रेन टिकटों में लंबी वेटिंग और ब्लाक के कारण यात्रियों के पास बस ही एकमात्र विकल्प बचा है, जिसका निजी बस आपरेटर जमकर फायदा उठा रहे हैं।

बस आपरेटर

गंतव्य

28 फरवरी का किराया (₹)

1 से 3 मार्च का किराया (₹)

रायल ट्रेवल्स

नागपुर

1502

2688 – 2940

शर्मा ट्रेवल्स

भोपाल

1299

2399

मनीष ट्रेवल्स

प्रयागराज

1300

2500

नवीन ट्रेवल्स

हैदराबाद

1100

2590

हंस ट्रेवल्स

इंदौर

1100

2099

रायल ट्रेवल्स

पुणे

1439

2628 – 2940

परिवहन विभाग से प्रति किलाेमीटर

लग्जरी बसों में सफर के लिए पहले पांच किलोमीटर का किराया 7.50 रुपये तय किया गया है, जिसके बाद प्रत्येक किलोमीटर पर 1.94 रुपये की दर से शुल्क देना होगा। रात्रि सफर के लिए यात्रियों को प्रति किलोमीटर 1.75 रुपये का अतिरिक्त चार्ज देना होगा। वहीं स्लीपर कोच में सफर करने पर प्रति किलोमीटर 2.81 रुपये और सीटिंग श्रेणी के लिए 2.38 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है।

Share.
Leave A Reply

Khem Lal Sahu
Editor & Publisher

Contact Us

Address:
Ward No. 11, Village – Baigna, Post – Goindri,
Goindri, District – Mungeli, Chhattisgarh – 495335, India

Email:
mormati.in@gmail.com

Contact Number:
+91 78985 90004

© 2025 MorMati. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version