बिलासपुर: मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली युवती तीन दिन पहले धनगंवा में रहने वाले अपने प्रेमी के घर चली गई। वहां दो दिन रहने के बाद युवती की लाश कमरे के रोशनदान में फांसी पर लटकी मिली। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। युवती के शव को स्वजन को सौंप दिया गया है। स्वजन मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए युवती के प्रेमी और परिवार वालों को गिरफ्तार करने मांग करते हुए हंगामा कर रहे हैं।

मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली मल्लिका कुर्रे मंगलवार को मेला देखने जाने के नाम पर घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। इसके कुछ देर बाद युवती के प्रेमी धनगंवा निवासी राजू लहरिया ने उसके परिवार वालों को कॉल किया। उसने बताया कि मल्लिका उसके घर पर आ गई है। उसने युवती के परिवार वालों को घर लेकर जाने के लिए कहा, तब परिवार वालों ने युवती के घर छोड़कर जाने की बात कहते हुए उसे लाने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती राजू के घर पर ही थी।

शुक्रवार की सुबह मकान के एक कमरे में उसकी लाश रोशनदान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। राजू और उसके परिवार वालों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। साथ ही कोटवार को इसकी जानकारी दी गई। तब मल्हार पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने युवती के स्वजन को भी इसकी जानकारी दी। तब युवती के स्वजन भी धनगंवा पहुंच गए। स्वजन ने राजू और उसके परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस पर पुलिस ने समझाइश देकर शव का पंचनामा कराया। इसके बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। पीएम के बाद शव को युवती के गांव भेज दिया गया।

अंतिम संस्कार करने से इनकार, चौकी का किया घेराव

युवती के स्वजन ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। देर रात तक युवती का शव वाहन में ही रखा रहा। स्वजन मामले में युवती के परिवार वालों पर जुर्म दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इधर पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। देर रात तक स्वजन चौकी के सामने अड़े रहे।

तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

युवती के जीजा ने बताया कि करीब तीन साल से मल्लिका और राजू के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को युवती अचानक घर छोड़कर राजू के घर चली गई। इसके बाद राजू और उसके परिवार वाले शादी से इनकार करते हुए उसे घर से निकालने का प्रयास करते रहे। इधर युवती राजू के साथ ही रहने के लिए अड़ी रही। वहीं, युवती के परिवार वाले भी उसकी खोजखबर नहीं ले रहे थे।

पुलिस ने भी दी थी समझाइश

युवती मंगलवार को अपना घर छोड़कर प्रेमी के घर जा धमकी। उसने राजू के परिवार वालों को उनके घर में रहने की बात कही। तब राजू और उसके परिवार वालों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी। बताया जाता है कि मल्हार चौकी पुलिस की टीम युवती को समझाने और परिवार वालों की रजामंदी से शादी करने की बात कही थी। युवती अपनी बात पर अड़ी रही। इसके बाद पुलिस वापस लौट आई थी।

Share.
Leave A Reply

Khem Lal Sahu
Editor & Publisher

Contact Us

Address:
Ward No. 11, Village – Baigna, Post – Goindri,
Goindri, District – Mungeli, Chhattisgarh – 495335, India

Email:
mormati.in@gmail.com

Contact Number:
+91 78985 90004

© 2025 MorMati. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version