इंदौर। इंदौर में मध्य प्रदेश रणजी टीम टीम और पंजाब रणजी टीम के बीच खेले जा रहे मुकाबले में एमपी के कप्तान रजत पाटीदार ने दोहरा शतक लगाया। इस दोहरे शतक से मध्य प्रदेश ने पंजाब टीम के खिलाफ बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। पंजाब ने पहली पारी में 232 रनों का स्कोर खड़ा किया था, इस पर मध्य प्रदेश ने 8 विकेट के नुकसान पर अब तक 519 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है। एमपी ने 287 रनों की बढ़त बना ली है। रजत पाटीदार 205 रनों पर नाबाद और अरशद खान 60 रनों पर नाबाद रहे।
मैच के दूसरे ही दिन बना लिए थे 107 रन
कप्तान रजत पाटीदार की अगुआई में मध्य प्रदेश टीम ने रणजी ट्राफी अभियान के पहले मैच के दूसरे ही दिन पंजाब के खिलाफ महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली थी। इसमें कप्तान पाटीदार (नाबाद 107) ने प्रथमश्रेणी क्रिकेट में अपना 16वां शतक भी पूरा किया। हरफनमौला वेंकटेश अय्यर ने भी 73 रनों की पारी खेली थी। पंजाब की पहली पारी 232 रनों पर समेटने के बाद मप्र ने पहली पारी में छह विकेट पर 305 रन बना लिए थे।